नई दिल्ली, 20 अप्रैल।
गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने देशभर में विशेष रेलगाड़ियों के बड़े पैमाने पर संचालन का निर्णय लिया है। 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक कुल 908 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी, जो इस अवधि में 18,262 फेरे पूरे करेंगी।
मंत्रालय की ओर से सोमवार को दी गई जानकारी में बताया गया कि इनमें से 660 रेलगाड़ियों की पहले ही अधिसूचना जारी की जा चुकी है, जो कुल 11,294 फेरे संचालित करेंगी। इससे यात्रियों को अग्रिम टिकट बुकिंग और यात्रा की बेहतर योजना बनाने में सहूलियत मिलेगी।
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार दक्षिण मध्य रेलवे सबसे आगे है, जहां 124 रेलगाड़ियों के लिए मंजूरी दी गई है और 76 रेलगाड़ियों की अधिसूचना जारी हो चुकी है। पश्चिम रेलवे ने 106 रेलगाड़ियों को मंजूरी दी है, जिनमें से 92 को अधिसूचित किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे में 76 रेलगाड़ियों को स्वीकृति मिली है और 62 को अधिसूचित किया गया है।
उत्तर रेलवे में 76 रेलगाड़ियों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 56 अधिसूचित हैं। मध्य रेलवे ने 74 रेलगाड़ियों को स्वीकृति दी है, जिनमें से 70 की अधिसूचना जारी हो चुकी है। दक्षिण रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्वी रेलवे सहित सभी क्षेत्रों में भी अतिरिक्त फेरे स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्रालय के अनुसार इन विशेष रेलगाड़ियों से गर्मी के चरम समय में प्रतीक्षा सूची में कमी आएगी, अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही प्रमुख मार्गों पर यात्रा अधिक सुगम और आरामदायक होगी।
यह पूरी योजना यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, ताकि छुट्टियों और भीड़भाड़ वाले समय में यात्रा दबाव को संतुलित किया जा सके और लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।
















