मीरजापुर, 28 मई।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मीरजापुर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने नगर क्षेत्र के कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने इमामबाड़ा, कंतित समेत विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल की मौजूदगी में क्षेत्र का भ्रमण किया तथा तैनात अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ बकरीद पर्व मनाएं तथा सभी को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं, जिससे सामाजिक एकता और मजबूत हो सके।
साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना प्रसारित करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और इसके लिए लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग की जा रही है।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं ताकि पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
















