नई दिल्ली, 21 जुलाई।
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेस नेताओं को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास से पहले ही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस नेता वहीं धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस के कई सांसद, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार तथा केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन भी शामिल रहे। बाद में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस बल प्रयोग के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाल रहे थे। पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद नेताओं ने धरना शुरू किया, जिसके कुछ समय बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से थाने पहुंचाया। प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लोगों से प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जवाब देना चाहिए।
धरने के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।















