वॉशिंगटन, 21 जुलाई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अमेरिका यात्रा के दौरान किसी भी परिस्थिति में गिरफ्तारी नहीं होगी। उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की उस टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई, जिसमें संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान नेतन्याहू की संभावित गिरफ्तारी से जुड़े कानूनी विकल्पों पर विचार किए जाने की बात कही गई थी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा कि बेंजामिन नेतन्याहू को अमेरिका में किसी भी रूप में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू ईरान के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और अमेरिका उनका समर्थन करता है।
अपने बयान में ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने हाल के समय में 52 हजार निर्दोष प्रदर्शनकारियों की हत्या की है और पिछले 47 वर्षों में अमेरिकी सैनिकों सहित कई लोगों की जान ली है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में नेतन्याहू के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई का प्रश्न ही नहीं उठता।
दरअसल, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क टाइम्स के एक पॉडकास्ट में कहा था कि उनका प्रशासन संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान नेतन्याहू की संभावित गिरफ्तारी से जुड़े कानूनी पहलुओं की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने ऐसा कदम उठाने का वादा किया था।
ममदानी ने कहा कि उनकी राय में प्रधानमंत्री नेतन्याहू का स्थान हेग में है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने नेतन्याहू पर युद्ध अपराधों के आरोप लगाए हैं और दुनिया के कई लोग इस दृष्टिकोण से सहमत हैं।
जब उनसे पूछा गया कि कानून उन्हें क्या करने की अनुमति देता है, तो उन्होंने कहा कि उनका विधिक विभाग इस विषय पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका प्रशासन कानून की सीमाओं से बाहर जाकर कोई कार्रवाई करने का इच्छुक नहीं है।
ट्रंप और ममदानी के इन अलग-अलग बयानों के बाद अमेरिका में नेतन्याहू की संभावित यात्रा और उससे जुड़े कानूनी तथा राजनीतिक विवाद ने एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।














