मेरठ, 01 जून।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लापता महिला कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या का खुलासा होने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। डेढ़ माह तक लापता रहने के बाद शुक्रवार को आरोपी फास्टफूड विक्रेता श्याम को हिरासत में लेकर सख्त पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की।
अनुष्का (17) 15 अप्रैल की रात से लापता थी। उसका मोबाइल स्विच ऑफ था और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। पुलिस ने प्रारंभ में परिवार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की, जिससे डेढ़ माह तक मामले में कोई प्रगति नहीं हुई। परिजन ने एडीजी और एसएसपी से मिलकर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद आरोपी श्याम को चंडीगढ़ से हिरासत में लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 15 अप्रैल की रात अनुष्का की हत्या की और शव को रोहटा रोड के नाले में फेंक दिया। आरोपी रोहटा फ्लाईओवर के पास फास्टफूड सेंटर चलाता था, जहां अनुष्का फास्टफूड खाने आती थी। 3600 रुपये के बकाया लेन-देन के विवाद में उसने यह कदम उठाया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि अनुष्का दो वर्षों से अपने भाई अनमोल के साथ कंकरखेड़ा के शोभापुर में किराए के मकान में रहती थी। वह पढ़ाई के साथ राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थी। आरोपी ने विवाद के दौरान बौखलाकर ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और कहा कि मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
















