बांसवाड़ा, 21 जुलाई।
राजस्थान के कुशलगढ़ क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के चार दिन बाद उसके पिता का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के पाड़ला गांव निवासी आलिया (55) का शव मंगलवार सुबह घर के निकट एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को आलिया की 19 वर्षीय बेटी रितिका की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। अब पिता की मौत के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के अनुसार, रितिका 17 जुलाई की सुबह खेत पर गई थी और शाम को उसका शव खेत में खाट पर मिला था। परिजनों का दावा है कि उसके गले में रुमाल बंधा था और गले पर चोट जैसे निशान दिखाई दिए थे, जिसके आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आलिया को बेटी की मौत से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले थे, इसलिए उनकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वह किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।















