भोपाल, 14 अप्रैल
शहर में नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भोपाल नगर निगम द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को निगम अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर झुग्गी बस्तियों से 114 स्थानों से जल के नमूने एकत्र कर उनकी जांच प्रक्रिया शुरू की।
निगम द्वारा आठ परीक्षण प्रयोगशालाओं के माध्यम से इन नमूनों की जांच की जा रही है, जिनमें गंध, रंग, स्वाद, पीएच स्तर, टरबिडिटी, अवशिष्ट क्लोरीन तथा बैक्टीरिया जैसे महत्वपूर्ण मानकों का परीक्षण किया जा रहा है।
महापौर के निर्देश और निगम आयुक्त के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने फील्ड में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइनों के 49 लीकेज की मरम्मत कर जल की बर्बादी और संभावित प्रदूषण को रोका गया।
इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में से 4 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण भी किया गया है।
निगम के अनुसार अब तक शहर में कुल 16,581 जल नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 7,604 नमूने झुग्गी बस्तियों से लिए गए हैं। वहीं 4,014 लीकेज सुधार कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं तथा 11,664 सीवेज चैंबरों की सफाई भी कराई गई है।
नगर निगम का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और जलजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
















