भोपाल, 21 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता रवि गोयल को भोपाल नगर निगम का एल्डरमैन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
अरेरा कॉलोनी निवासी रवि गोयल बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं। नियमित शाखा में सहभागिता के साथ उन्होंने संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई और लंबे समय तक संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण के चलते उन्हें करीब चार दशक पहले स्टेट लॉ कॉलेज छात्रसंघ का अध्यक्ष बनने का अवसर भी मिला था। भाजपा ने उनके संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक कार्यों को देखते हुए उन्हें नगर निगम में एल्डरमैन की जिम्मेदारी सौंपी है।
रवि गोयल ने नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए भोपाल के विकास और जनसेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे।















