Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

प्रशासनिक खबरें
21 Jul, 2026

भोपाल में एनएसयूआई ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में भोपाल में एनएसयूआई ने प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और छात्रों की मांगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

भोपाल, 21 जुलाई।

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच तथा छात्रों की मांगों पर विचार करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन में एआईसीसी कॉर्डिनेटर एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी डॉ. अंशुल त्रिवेदी, एनएसयूआई मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

इस मौके पर डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं, पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि संगठन छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों और युवाओं को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है और संगठन आगे भी छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाता रहेगा।

प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार, आदित्य सोनी, राज पटेल, जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़