Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

प्रशासनिक खबरें
10 Jul, 2026

भोपाल :15 जुलाई से प्रदेशभर में चलेगा 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले नशामुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भोपाल, 10 जुलाई।

मध्यप्रदेश पुलिस 15 से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में राज्यव्यापी नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' संचालित करेगी। अभियान को प्रभावी बनाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जोन, रेंज और जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में चलाए गए अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला था और इस बार उससे भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से नवाचार अपनाने और अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के गृह मंत्रालय के 'विजन डॉक्यूमेंट ऑन नारकोटिक्स कंट्रोल 2026-29' के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। इसके तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, सिंथेटिक ड्रग्स पर नियंत्रण, नशे की मांग में कमी, जन-जागरूकता तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।

डीजीपी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे जिला कलेक्टर के साथ समन्वय स्थापित कर बहुविभागीय कोर कमेटी का गठन करें। इसमें सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, आबकारी, नगरीय निकाय, पंचायत, श्रम, उद्योग, खाद्य और जनसंपर्क सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका और स्थानीय निकायों के सहयोग से प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति संबंधी पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेश प्रदर्शित किए जाएं। इसके साथ ही सिनेमाघरों, एफएम रेडियो, एलईडी स्क्रीन, सोशल मीडिया और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि 15 दिवसीय अभियान के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नशामुक्ति रैली, ड्रग जागरूकता दौड़, शपथ ग्रहण, स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, लघु फिल्मों का प्रदर्शन, चित्रकला, निबंध, पोस्टर, स्लोगन और रंगोली प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, जनसंवाद, बाजारों और मॉल में जागरूकता कार्यक्रम, धार्मिक स्थलों, औद्योगिक इकाइयों तथा जेलों में विशेष गतिविधियां शामिल रहेंगी। अभियान का समापन 30 जुलाई को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश के सभी जोनल अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, रेंज उप पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल और इंदौर के पुलिस आयुक्त, सभी जिला पुलिस अधीक्षक, रेल पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक पीटीएस तथा विशेष सशस्त्र बल के अधिकारियों ने भाग लिया।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़