भोपाल, 21 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंगलवार को विधानसभा स्थित समिति कक्ष क्रमांक-1 में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद के नेतृत्व में शाजापुर जिले की प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनर्स के हित में लिए गए विभिन्न निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पेंशनर्स के हित में सरकार द्वारा किए गए कई कल्याणकारी निर्णयों की सराहना की। विशेष रूप से महंगाई राहत घोषित करने के लिए मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति से जुड़े लंबे समय से लंबित विषय का समाधान निकाले जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। प्रतिनिधियों ने इसे पेंशनर्स के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभाजन के समय हुए समझौते के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ता और महंगाई राहत घोषित किए जाने के बाद दोनों राज्यों को अपने-अपने पेंशनर्स के लिए डीआर लागू करने से पहले एक-दूसरे की मंजूरी लेना आवश्यक होता था। इस प्रक्रिया के कारण प्रदेश के पेंशनर्स को कई महीनों तक इंतजार करना पड़ता था।
अब दोनों राज्यों के बीच बनी सहमति के बाद दोनों सरकारें अपने पेंशनर्स को डीआर का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के प्रदान कर सकेंगी। इससे महंगाई राहत जारी होने में होने वाली देरी समाप्त होगी और पेंशनर्स को इसका लाभ समय पर मिल सकेगा।















