भोपाल, 10 जुलाई।
भोपाल के भेल स्थित जामा मस्जिद मुस्लिम रिलीजियस अफेयर्स कमेटी के त्रैवार्षिक चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन किया गया।
निर्वाचन परिणाम के अनुसार दिलशाद अहमद को कमेटी का अध्यक्ष चुना गया। वहीं शमशाद अली को उपाध्यक्ष, इरफान खान को सचिव, आदिल अली को संयुक्त सचिव और रफ़ीक़ खान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा कमेटी के 16 कार्यकारी सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारी सदस्यों ने जामा मस्जिद तथा समाज के धार्मिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यों को पारदर्शिता, आपसी सहयोग और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
कमेटी की ओर से चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, गणमान्य नागरिकों, स्वयंसेवकों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया गया कि नई टीम समाजहित और जनकल्याण के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी।















