पेरिस, 17 जून।
भारतीय व्यंजन फ्रांस और यूरोप के कई देशों में लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं, जिससे भारतीय कारोबारियों और खाद्य उत्पाद निर्यातकों के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं। बासमती चावल, दालों से लेकर तैयार भोजन और मसाला मिश्रण तक भारतीय उत्पाद अब यूरोप के अधिक घरों तक पहुंच रहे हैं।
यूरोप में प्रामाणिक भारतीय खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ भारतीय कंपनियां भी अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रही हैं। पेरिस में अंजू एंटरप्राइजेज की अध्यक्ष अंजिला मल्होत्रा मोंजे ने कहा कि भारतीय खाद्य उत्पादों का बाजार हर वर्ष लगभग पांच से सात प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में मांग का प्रमुख आधार भारतीय मूल के लोग थे, लेकिन अब फ्रांस और यूरोप के स्थानीय उपभोक्ता भी भारतीय स्वाद, शाकाहारी भोजन और आयुर्वेदिक खानपान परंपराओं में अधिक रुचि दिखा रहे हैं।
अंजू एंटरप्राइजेज के अनुसार बासमती चावल और दालें अब भी सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले उत्पादों में शामिल हैं। वहीं, मसाला मिश्रण और तैयार खाद्य उत्पादों को स्थानीय स्वाद के अनुरूप ढाला जा रहा है।
यूरोप में फ्यूजन व्यंजनों में भारतीय मसालों के बढ़ते उपयोग से भारतीय ब्रांडों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचने में मदद मिल रही है। भारतीय खानपान की बढ़ती लोकप्रियता भारत और यूरोप के बीच मजबूत होते सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को भी दर्शाती है।















