अनूपपुर, 21 जुलाई।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनूपपुर में यातायात पुलिस ने स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। मंगलवार तक 47 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 1.32 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। जांच के दौरान 12 नाबालिग चालक भी वाहन चलाते हुए मिले, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि यह अभियान पिछले दो दिनों से लगातार चल रहा है। 20 जुलाई को 17 वाहनों के चालान कर 66 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया था। वहीं मंगलवार दोपहर तक 30 और चालान बनाकर 66 हजार 600 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। इस तरह कुल 47 चालानी कार्रवाई पूरी की गई।
अभियान के दौरान वाहन चलाते मिले 12 नाबालिगों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा पांच व्यावसायिक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। उनके वाहन जब्त कर न्यायालय भेज दिए गए हैं।
जांच में 13 मामलों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन सामने आया। इसके अलावा दो वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, एक चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और एक वाहन बिना बीमा के संचालित मिलता पाया गया। इन सभी मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
विनोद दुबे ने स्कूल वाहन संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, वैध दस्तावेज अथवा नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा।















