नई दिल्ली, 21 जुलाई।
हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम का एलान कर दिया है। अनुभवी डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ हरमनप्रीत सिंह को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे।
विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त 2026 के बीच बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होगा। भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी लीग मुकाबले नीदरलैंड्स के एम्स्टलवीन में खेलेगी।
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम चयन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन है। उन्होंने कहा कि बड़े टूर्नामेंट का अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ शानदार फॉर्म में चल रहे युवाओं को भी मौका मिला है। उनके अनुसार, इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दम पर टीम में स्थान हासिल किया है।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा, जबकि 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ टीम मैदान में उतरेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले को पूल चरण का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है।
फुल्टन ने कहा कि 'प्रेस, काउंटर और प्रदर्शन' केवल उनकी रणनीति नहीं, बल्कि पूरी टीम की सोच और तैयारी का आधार है। उन्होंने कहा कि फिलहाल टीम का पूरा ध्यान एक समय में एक मुकाबले पर है और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही लक्ष्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में भारत ने हॉकी विश्व कप जीता था। उस ऐतिहासिक सफलता के 50 वर्ष पूरे होने के बाद मौजूदा टीम के पास भारतीय हॉकी के इतिहास में नया अध्याय जोड़ने का अवसर है और इसे लेकर सभी उत्साहित हैं।
भारतीय टीम
गोलकीपर :मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर :जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
मिडफील्डर :मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे
फॉरवर्ड :मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा















