गुरुग्राम, 21 जुलाई।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मंगलवार शाम सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी देकर आगे के उपचार के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया। शाम करीब 6:40 बजे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। छुट्टी के समय उनकी आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी स्थिति स्थिर बताई गई।
सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के अनुसार सोनम वांगचुक अभी भी पैनसाइटोपेनिया से जूझ रहे हैं, जिसमें रक्त की तीनों प्रमुख कोशिकाओं की संख्या कम हो जाती है। इसके अलावा उनके शरीर में पोटाशियम का स्तर भी सामान्य से कम पाया गया। उपचार की निरंतरता बनाए रखने के लिए उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट और जांच संबंधी दस्तावेज मेदांता के चिकित्सकों को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने वांगचुक को तत्काल मेदांता मेडिसिटी स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था। अदालत ने कहा था कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सतत निगरानी आवश्यक है।
मेदांता अस्पताल पहुंचने के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। अस्पताल परिसर के भीतर और बाहर पुलिस बल तैनात रहा। अब आगे का उपचार और चिकित्सकीय निगरानी मेदांता अस्पताल की टीम की देखरेख में की जाएगी।















