सेंट्रल सुलावेसी, 17 जून।
इंडोनेशिया के सेंट्रल सुलावेसी प्रांत में आए तेज भूकंप के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 40 अन्य लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार मंगलवार को आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 दर्ज की गई।
एजेंसी ने बताया कि इस आपदा से 300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। घायलों में कम से कम 25 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, वहीं 13 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। विभिन्न जिलों में लगभग 110 परिवारों के 312 सदस्य इस घटना से प्रभावित हुए हैं।
प्रारंभिक आकलन में 67 मकानों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। इसके अलावा छह धार्मिक स्थलों, दो पुलों और दो कार्यालय भवनों को भी क्षति पहुंची है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पालू, सिगी और पोसो को जोड़ने वाली प्रांतीय सड़क का एक हिस्सा भी ध्वस्त हो गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। सिगी में नोकिलालाकी उपजिला कार्यालय में फील्ड कमांड पोस्ट स्थापित किया गया है, जबकि पोसो जिला सामान्य अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा तंबू लगाए गए हैं।
आपदा प्रबंधन एजेंसी ने लोगों से संयम बनाए रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।















