भोपाल, 19 जून।
मध्य प्रदेश पुलिस को पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट कार्य के लिए लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान किए गए पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन प्रदर्शन के आधार पर मप्र पुलिस को पांच लाख से कम पासपोर्ट आवेदन श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्रदान किया।
विदेश मामलों के मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू भवन में मध्य प्रदेश पुलिस को वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड फार स्टेट पुलिस’ से सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) तरुण नायक और सहायक पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा सुरक्षा) रश्मि मिश्रा ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने सभी जिलों, विशेष शाखा और पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मध्य प्रदेश पुलिस के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने का आह्वान किया।
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच मप्र पुलिस ने कुल 3,35,647 पासपोर्ट सत्यापन समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से संपादित किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विदेश मंत्रालय ने मध्य प्रदेश को इस श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।
यह उपलब्धि पिछले वर्ष भी मप्र पुलिस को मिली थी, और अब लगातार दूसरे वर्ष यह सम्मान मिलने से प्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता, जवाबदेही और नागरिक सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध किया है। यह सफलता समयबद्ध सत्यापन प्रक्रिया और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली का परिणाम है।















