नई दिल्ली, 23 जून।
राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया गया।
हॉकी जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित की गईं सविता पुनिया भारतीय महिला हॉकी की सबसे सफल खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। वह पीआर श्रीजेश के बाद 300 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली दूसरी भारतीय गोलकीपर हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम के चौथे स्थान तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उनकी मौजूदगी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 36 वर्षों के अंतराल के बाद रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था।
रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। उनके नेतृत्व में भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया था। क्रिकेट में उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा गया।
समारोह में भारतीय टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। अपने लंबे खेल करियर के दौरान उन्होंने एकल और युगल वर्ग में कई महत्वपूर्ण खिताब जीते और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया।
बुंदेलखंड की पारंपरिक अखाड़ा आधारित मार्शल आर्ट को संरक्षित और प्रोत्साहित करने वाले दिवंगत भगवानदास रैकवार को मरणोपरांत पद्मश्री प्रदान किया गया। उनकी ओर से यह सम्मान उनके पुत्र राजकुमार रैकवार ने ग्रहण किया। वहीं प्रशिक्षक के रूप में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दिवंगत व्लादिमिर मेस्तविरिशविली को भी मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वह पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले विदेशी कोच बने।
समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्मश्री सम्मान शामिल रहे। इससे पहले 26 मई को आयोजित पहले नागरिक अलंकरण समारोह में 66 पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए थे।















