Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

टॉप न्यूज़
27 Jun, 2026

सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति हर्मिनी ने किया भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे, जहां राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका स्वागत किया और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम है।

सेशेल्स, 27 जून।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर शनिवार को सेशेल्स पहुंच गए। हवाई अड्डे पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री का उत्साहपूर्वक अभिवादन किया। प्रधानमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

सेशेल्स पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर राष्ट्रपति हर्मिनी का स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार और करीबी मित्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा दोनों देशों के बीच पुराने संबंधों को और मजबूत करेगा तथा दोनों देशों के नागरिकों के हित में सहयोग को नई गति देगा।

प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान गुजराती पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने कच्छ के लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। प्रधानमंत्री ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में बसे भारतीय जिस तरह देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कलाकारों के साथ तस्वीर भी साझा की।

दौरे के दौरान राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी और प्रधानमंत्री मोदी की संयुक्त कार यात्रा भी चर्चा का विषय रही। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेता सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन की ओर जा रहे थे। कार यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीय संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।

इससे पहले सेशेल्स की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री अमांडा बर्नस्टीन ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र के महत्वपूर्ण साझेदार हैं और दोनों देशों के बीच की भौगोलिक निकटता पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सेशेल्स भारतीय नागरिकों के लिए वीजा मुक्त गंतव्य है और यहां की क्रियोल संस्कृति में भारतीय प्रभाव भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ब्यू वैलोन और विक्टोरिया सहित कई स्थानों पर उनके स्वागत में पोस्टर और तिरंगे लगाए गए थे। सेशेल्स रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह देश के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर वह 27 से 29 जून 2026 तक सेशेल्स की यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर’ का प्रमुख साझेदार है। दोनों देश ग्लोबल साउथ के हितों और प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए समान प्रतिबद्धता रखते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। दोनों देशों के संबंध आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं।

यह दौरा राष्ट्रपति हर्मिनी की फरवरी 2026 में भारत यात्रा के कुछ महीने बाद हो रहा है। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा उनके सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने तथा भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़