भोपाल, 04 जुलाई।
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के 'सेफ क्लिक अभियान 2.0' के तहत शनिवार को मिसरोद स्थित आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 700 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों, ऑनलाइन सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान रहे। इस अवसर पर आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. शालिनी कपूर, डीन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला, एसीपी रजनीश कश्यप, मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह ठाकुर सहित कॉलेज का स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, यूपीआई एवं क्यूआर कोड फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग तथा ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देना आवश्यक है।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक उपाय बताए गए। अंत में सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लिया।















