काठमांडू, 04 जुलाई।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहाल ‘प्रचंड’ ने बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन के कार्यकाल को पूरी तरह असफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में सफल नहीं रही।
शनिवार को पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए बुटवल पहुंचे प्रचंड ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार के कामकाज पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन वादों और उम्मीदों के आधार पर सरकार बनी थी, उस दृष्टि से उसके शुरुआती 100 दिनों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा।
प्रचंड ने कहा कि उनके अनुसार सरकार जनता को दिए गए आश्वासनों पर खरा उतरने में विफल रही है और इसी वजह से वह इस कार्यकाल को पूरी तरह असफल मानते हैं।
उन्होंने राजनीतिक सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रचंड ने कहा कि मौजूदा समय में केवल वाम एकता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेपाली कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों के बीच समन्वय और सहयोग की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि देश के हित में कांग्रेस, सीपीएन (एमाले) और अन्य दलों के साथ मिलकर आगे बढ़ना समय की मांग है तथा उनकी पार्टी इस दिशा में प्रयास कर रही है।















