पिथौरागढ़, 07 जुलाई।
कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल के यात्रियों का मंगलवार को सीमांत गांव गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद सभी 49 यात्रियों को यात्रा के लिए फिट पाया गया। हालांकि एक यात्री गोविंद केला ने पारिवारिक कारणों से आगे की यात्रा जारी नहीं रखने का निर्णय लिया, जिसके बाद अब 48 यात्री अगले पड़ाव के लिए रवाना होंगे।
अधिकारियों के अनुसार डॉ. अमित भार्गव और उनकी चिकित्सा टीम ने यात्रियों की जांच की। उच्च हिमालयी क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों का रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर, हृदय गति और अन्य जरूरी स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
प्रशासन की ओर से यात्रा में शामिल प्रत्येक दल का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया है, ताकि केवल पूरी तरह स्वस्थ यात्रियों को ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सामान्य स्वास्थ्य स्थिति, ऑक्सीजन संतृप्ति और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने की क्षमता की भी जांच की जा रही है।
इस दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के प्रोजेक्ट हीरक के मुख्य अभियंता आर.एस. राव (वीएसएम) अधिकारियों के साथ गुंजी पहुंचे और यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अभियंता ने कहा कि दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए बीआरओ लगातार काम कर रहा है। इन प्रयासों से लिपुलेख दर्रे तक सड़क सुविधा में सुधार हुआ है, जिससे कैलाश मानसरोवर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनी है।
उन्होंने कहा कि बीआरओ हर मौसम में बेहतर सड़क संपर्क बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सामरिक ढांचे को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए संपर्क सुविधाओं के विस्तार पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
यात्रियों ने भी बेहतर सड़क व्यवस्था और बीआरओ सहित विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुविधाओं में सुधार से उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक हो रही है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भारत सरकार की ओर से लिपुलेख दर्रे के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू की गई है। यात्रा के दौरान धारचूला, गुंजी और नाभीढांग जैसे पड़ावों पर स्वास्थ्य जांच, आवास, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं।















