मुंबई, 9 जुलाई।
अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली कॉमेडी फिल्म धमाल 4 10 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। निर्देशक इंद्र कुमार की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को लेकर दर्शकों में लगातार उत्साह बना हुआ है। रिलीज से पहले ही इसका असर एडवांस बुकिंग पर साफ दिखाई दे रहा है, जिससे फिल्म को शुरुआती कारोबार के लिए सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, देशभर में फिल्म के लिए अब तक 57,321 टिकट पहले ही बुक किए जा चुके हैं। प्रदर्शन के लिए फिल्म को 7,894 शो मिले हैं। शुरुआती टिकट बिक्री के दम पर फिल्म ने करीब 1.45 करोड़ रुपये का संग्रह कर लिया है, जिससे निर्माताओं की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने फिल्म को यू/ए 13+ प्रमाणपत्र प्रदान किया है। प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान कुछ दृश्यों में संशोधन के निर्देश दिए गए थे, जिनका पालन करने के बाद फिल्म को प्रदर्शन की अनुमति मिली।
फिल्म में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी अपनी चर्चित भूमिकाओं में एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। इसके अलावा रवि किशन, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म में आधुनिक वीएफएक्स का भी इस्तेमाल किया गया है। अब फिल्म की रिलीज के साथ पहले दिन के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।















