मुंबई, 9 जुलाई।
आगामी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है। सामाजिक सरोकार से जुड़ी इस फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
ज़ी स्टूडियोज़ के सहयोग से एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है। फिल्म की कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
फिल्म की कहानी कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग और उससे मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर केंद्रित है। जारी किए गए पोस्टर में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े सब्जी मंडी के बीच नाराज भीड़ से घिरे नजर आते हैं। पोस्टर में लोग उन पर सब्जियां फेंकते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही "स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस" टैगलाइन फिल्म के मूल विषय और समाज के सामने मौजूद एक गंभीर चुनौती की ओर इशारा करती है।
निर्देशक चेतन डीके का कहना है कि नया पोस्टर सच को सामने लाने की कीमत और व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वालों के संघर्ष को दर्शाता है। उनके मुताबिक फिल्म दर्शकों को इस बात पर विचार करने के लिए प्रेरित करेगी कि वे क्या खा रहे हैं और किस पर भरोसा कर रहे हैं। फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं।















