लखनऊ, 10 जुलाई।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखते हुए राजभर ने सपा अध्यक्ष पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास सपा के कुछ कार्यकर्ता आए थे, जिन्होंने अखिलेश के करीबी लोगों द्वारा उनसे वसूली किए जाने की शिकायत की है।
मंत्री राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि अखिलेश यादव से फोटो खिंचवाने और मुलाकात करने के लिए उनके 'घेरे' के लोग पैसे मांगते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को फोटो के लिए 5,000 रुपये और हाथ मिलाने के लिए 8,000 से 10,000 रुपये तक देने पड़ते हैं। राजभर ने सवाल उठाया कि संपत्ति में 900 गुना बढ़ोतरी के बावजूद सपा मुखिया को कार्यकर्ताओं से यह अतिरिक्त वसूली करने की क्या आवश्यकता पड़ गई है।
उन्होंने आगे कहा कि धरतीपुत्र के पुत्र कहलाने वाले अखिलेश यादव अपनी ही बिरादरी के कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई को चूस रहे हैं। राजभर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अखिलेश स्वयं यह सब करवा रहे हैं तो ठीक है, अन्यथा उन्हें अपने करीबियों पर लगाम लगानी चाहिए, क्योंकि यह सब पार्टी का बंटाधार करवा देगा। उन्होंने सपा अध्यक्ष को सलाह दी कि वे पार्टी कार्यालय के गेट पर लगे वसूली के इस काउंटर को तत्काल बंद करवाएं।















