Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

सरकार व नीतियाँ
11 Jul, 2026

पीएम स्वनिधि योजना में लखनपुर को मिला स्ट्रीट फूड हब का दर्जा

पीएम स्वनिधि योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के लखनपुर को देश के पहले चयनित नगरों में शामिल करते हुए स्ट्रीट फूड हब विकसित करने की मंजूरी दी गई है।

नई दिल्ली, 11 जुलाई।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर में स्ट्रीट फूड हब स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। शनिवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास को दी जा रही प्राथमिकता का ही परिणाम है कि लखनपुर देश के पहले चयनित नगरों में शामिल हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है, जब श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और लखनपुर के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाले अन्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय का धन्यवाद देते हुए कहा कि मंत्रालय ने लखनपुर के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देकर इसे देश के पहले स्वीकृत स्ट्रीट फूड हब की सूची में शामिल किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की मंजूरी के लिए लगातार प्रयास किए गए, ताकि स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि स्ट्रीट फूड हब पहल का उद्देश्य स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक वेंडिंग स्थल विकसित करना है, जहां भारत की समृद्ध खान-पान परंपरा को बढ़ावा देने के साथ रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए सम्मानजनक और टिकाऊ आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। इस पहल के तहत प्रमुख पर्यटन स्थलों को आकर्षक फूड स्ट्रीट के रूप में विकसित किया जाएगा।

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय देशभर में 50 तक स्ट्रीट फूड हब विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। इसके लिए पर्यटन क्षमता, सांस्कृतिक एवं विरासत महत्व, स्थानीय खाद्य परंपराओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय योजनाओं से जुड़े शहरों और कस्बों को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रत्येक स्वीकृत परियोजना के लिए चार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता तीन किश्तों में उपलब्ध कराई जाएगी। पहली किश्त में 30 प्रतिशत, दूसरी में 50 प्रतिशत और परियोजना पूरी होने पर शेष 20 प्रतिशत राशि जारी की जाएगी। इसके अलावा स्ट्रीट वेंडिंग प्लान अधिसूचित करने वाले शहरों को 25 लाख रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।

इस योजना के तहत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर अर्बन प्लानिंग तथा अमृत योजना के अंतर्गत स्थापित योजना केंद्रों के माध्यम से राज्यों और शहरी स्थानीय निकायों को तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के समन्वित प्रयासों पर आधारित है।

मंत्रालय को इस योजना के लिए 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 126 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें 106 शहरी स्थानीय निकाय और सात जनगणना नगर शामिल हैं।

लखनपुर में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब का विकास लखनपुर बाजार के दो क्लस्टरों—एक पुराने बस अड्डे के निकट और दूसरा सेल्स टैक्स कार्यालय के पास—किया जाएगा। लगभग 1,754.25 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह हब आधुनिक वेंडिंग सुविधाओं से सुसज्जित होगा तथा डोगरा व्यंजन सहित स्थानीय खान-पान की परंपराओं को स्वच्छ और पर्यटक-अनुकूल वातावरण में बढ़ावा देगा।

इस परियोजना के माध्यम से लखनपुर को क्षेत्र की खाद्य विरासत के प्रमुख पाक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। इससे स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बेहतर आजीविका के अवसर मिलेंगे, उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति प्राप्त होगी।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़