कटिहार, 13 जुलाई।
बिहार के कटिहार में पुलिस ने पाकिस्तान आधारित कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक 22 वर्षीय संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कोढ़ा थाना पुलिस ने मुसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद को हिरासत में लिया। उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ कोढ़ा थाना में कांड संख्या 229/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों की तकनीकी जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच में पता चला कि मोहम्मद अहद इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद कथित गैंगस्टर राणा हूनैन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था। पुलिस का दावा है कि राणा हुसैन, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार यह भी सामने आया कि आरोपी चैट, ऑडियो कॉल और सोशल मीडिया के जरिए देश के संवेदनशील स्थलों से जुड़ी जानकारियां साझा कर रहा था। साथ ही वह कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों से संबंधित सामग्री का आदान-प्रदान और देश विरोधी गतिविधियों में भी शामिल था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर भारत विरोधी और सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री का प्रचार-प्रसार कर रहा था। इसके अलावा वह लोगों को पाकिस्तानी व्हाट्सएप चैनलों के लिंक भेजकर उन्हें उस नेटवर्क से जोड़ने का भी प्रयास कर रहा था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के दायरे में आए कुछ अन्य लोगों के मोबाइल फोन की भी जांच की, लेकिन उनमें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।
घटना के बाद कटिहार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी, आतंकवाद समर्थक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या हेल्पलाइन को दें। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















