अनंतनाग, 13 जुलाई।
अनंतनाग पुलिस ने सोने के सिक्कों के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी द्रावे लरनू का निवासी सज्जाद अहमद बेग है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति को सस्ते दाम में सोना दिलाने का लालच देकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी और उसके सहयोगियों ने मिलकर उसे एक सोची-समझी साजिश में फंसाया। लेन-देन के दौरान सुनसान जगह पर नाके का नाटक कर शिकायतकर्ता को रोका गया, जहां उसके साथ लूटपाट की गई और उसे ठगा गया। पुलिस ने जांच में तकनीकी साक्ष्य और मौखिक गवाह जुटाकर आरोपी की संलिप्तता पूरी तरह साबित कर दी है। न्यायालय द्वारा आरोपी की अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।
प्रवक्ता ने बताया कि इस आपराधिक साजिश में शामिल अन्य फरार सहयोगियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। साथ ही, आम जनता से सतर्क रहने की अपील की गई है ताकि वे ऐसी लुभावनी योजनाओं के जाल में न फंसें। वित्तीय लेनदेन में पूर्ण सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।














