हनोई, 13 जुलाई।
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के निकट हुए नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर सोमवार को वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई के लिए रवाना कर दिए गए। विमान के स्थानीय समयानुसार रात 9:30 बजे मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु की राज्य सरकारें पार्थिव शरीरों को उनके गृह राज्यों और अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगी।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए फु क्वोक द्वीप विशेष आर्थिक क्षेत्र, आन जियांग प्रांत के प्रशासन, हो ची मिन्ह सिटी के विदेश विभाग, वियतनाम के विदेश मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भारतीय मिशन ने वियतनाम के लोगों की ओर से भेजे गए संवेदना संदेशों और प्रार्थनाओं के लिए भी धन्यवाद दिया। दूतावास ने कहा कि इस कठिन समय में वियतनामी नागरिकों के सहयोग, संवेदनाओं और मानवीय समर्थन ने पीड़ित परिवारों तथा भारतीय समुदाय को संबल प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटने से 15 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। हादसे के बाद भारत और वियतनाम की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत, बचाव और पार्थिव शरीरों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की।















