तेहरान, 13 जुलाई।
होर्मुज जलडमरूमध्य में छिड़े विवाद के कारण पश्चिम एशिया के हालात एक बार फिर भयावह हो गए हैं। अमेरिकी सेना ने ईरान के दक्षिणी हिस्सों को निशाना बनाते हुए भीषण सैन्य कार्रवाई की है।
इस हमले की चपेट में बंदर अब्बास, सिरिक और जास्क जैसे प्रमुख बंदरगाह शहर आए हैं। इसके साथ ही केशम द्वीप पर भी जोरदार धमाकों की गूंज सुनाई दी है। एक दिन पूर्व भी अमेरिकी सेना ने ईरान के लगभग 140 ठिकानों पर हमला किया था।
ईरान ने इस सैन्य कार्रवाई का तीखा विरोध करते हुए बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर और जॉर्डन में जवाबी हमले किए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि जलमार्ग खुला है, हालांकि ईरान का कहना है कि शांति बहाली तक वहां आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
अमेरिकी प्रवक्ता ने दावा किया कि आईआरजीसी द्वारा एक कमर्शियल जहाज पर हमला करने के बाद यह कार्रवाई की गई। अमेरिका के सहयोगी देशों को भी इन दिनों ईरानी हमलों का सामना करना पड़ा है।
अमेरिकी मध्य कमान के अनुसार, उन्होंने ईरान की मिसाइल और ड्रोन को मार गिराया है। दूसरी ओर, खुजेस्तान प्रांत के माहशहर में एक मिसाइल गिरने से एक नागरिक की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं।















