जोधपुर, 13 जुलाई।
जोधपुर शहर के झालामंड स्थित बापूनगर में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला की पीहर में मौत होने के बाद परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बताया गया कि 9 जुलाई को मानसिक तनाव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। महिला का विवाह आटा-साटा प्रथा के तहत हुआ था।
कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि झालामंड के बापूनगर में अपने मायके में रह रही 22 वर्षीय ज्योति वैष्णव की 9 जुलाई को घर पर तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए एमडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ज्योति की शादी खेमें का कुआं क्षेत्र में आटा-साटा प्रथा के तहत हुई थी। वह पिछले एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। कुछ दिन पहले उसे कोर्ट का नोटिस मिला था। परिजनों का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद वह अवसाद में चली गई थी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथ ही परिवार ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था।
महिला की मां सीतादेवी ने मर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच प्रशासनिक अधिकारी की ओर से की जा रही है। ज्योति की एक बच्ची है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच की आगे की कार्रवाई जारी है।















