भोपाल, 13 जुलाई।
राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कपड़ा कारोबारी पर दो अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया। कुछ ही सेकंड में हमलावरों ने दो वार किए, जिनमें दूसरा वार व्यापारी की पीठ में जा धंसा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी व्यापारी अपनी जान बचाने के लिए करीब 20 फीट तक दौड़ते रहे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस के मुताबिक सेवा सदन के पीछे स्थित मैचिंग सेंटर के संचालक नीरज जिनयानी सोमवार दोपहर दुकान खोलने के बाद अपनी एक्टिवा पर बैठे थे। इसी दौरान पीछे से पहुंचे दो अज्ञात युवक बिना किसी विवाद या बातचीत के अचानक चाकू निकालकर उन पर लगातार हमला करने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर लगातार चाकू से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वार में चाकू नीरज जिनयानी की पीठ में धंस गया। इसके बावजूद उन्होंने खुद को बचाने के लिए दौड़ लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल व्यापारी को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने व्यापारी से किसी तरह की कहासुनी या विवाद नहीं किया। दोनों सीधे पहुंचे, हमला किया और फरार हो गए। पुलिस पुरानी रंजिश, सुपारी, कारोबारी विवाद और पूर्व नियोजित साजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अशोक गौतम ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















