कठुआ, 13 जुलाई।
कठुआ पुलिस ने जिले में अवैध खनन के खिलाफ एक प्रभावी अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस की इस सख्ती से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
लखनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कीढ़ियां इलाके में नाका लगाकर 10 वाहनों को पकड़ा है। इनमें 7 डंपर और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल थे, जो बिना वैध परमिट और ए-फॉर्म के निर्माण सामग्री ले जा रहे थे। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी की गई।
इसके अतिरिक्त, कठुआ थाना पुलिस ने बेढ़ियां पत्तन क्षेत्र में भी दबिश दी। वहां से एक डंपर को अवैध रूप से खनन कार्य में लिप्त पाए जाने पर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई है।
पुलिस ने बरामद किए गए सभी 11 वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले में आगामी कानूनी कार्यवाही के लिए इन वाहनों को भू-विज्ञान एवं खनन विभाग कठुआ के हवाले कर दिया गया है, ताकि नियमानुसार जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जा सके।















