लखनऊ, 13 जुलाई।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद आयोजित जनसभा में कहा कि भविष्य में हवा में उड़ने वाली बसें भी देश में लाने की योजना है। उन्होंने कहा कि पानी में उतरने वाला विमान भी देश में लाया जा चुका है और जो भी घोषणा करते हैं, उसे पूरा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश के विकास के लिए लगातार कार्य करना है।
गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है और प्रदेश की समृद्धि से पूरे भारत की प्रगति को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि अगले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में करीब पांच लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने घोषणा की कि लखनऊ में तीन मंजिला फ्लाईओवर का शिलान्यास दिसंबर 2026 में किया जाएगा। उनके अनुसार यह परियोजना विश्वस्तरीय आकर्षण का केंद्र बनेगी। इसमें आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे शहर में आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश में विश्वस्तरीय राजमार्गों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का सड़क नेटवर्क भी विकसित देशों के बराबर बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से निर्मित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे सुरक्षा और तेज यातायात का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस मार्ग के चालू होने से कानपुर से लखनऊ एयरपोर्ट तक की दूरी लगभग 25 मिनट में तय की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि वाराणसी रोपवे का कार्य इसी वर्ष पूरा होगा, जबकि प्रयागराज रोपवे का निर्माण जल्द शुरू होगा और वृंदावन रोपवे पर भी इसी वर्ष काम प्रारंभ किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए नई लाइफलाइन साबित होगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारों का विकास किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से उन्नाव के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद रमेश अवस्थी, साक्षी महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















