कायमगंज, 13 जुलाई।
स्थानीय क्षेत्र के गांव अल्हादादपुर में रविवार देर रात एक हृदयविदारक दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक शरद यादव उर्फ बबलू की मौत हो गई। शरद अपने खेत पर गया हुआ था, जहां सबमर्सिबल का पानी गूल में चल रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी से भरी गूल में जा गिरा, जिससे उसकी जान चली गई। घटना का पता तब चला जब काफी समय बीतने के बाद भी वह घर नहीं लौटा और परिजनों ने खेत पर जाकर उसकी तलाश की।
परिजन उसे अचेत अवस्था में पानी में पड़ा देख तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरद की इस असामयिक मृत्यु की खबर सुनते ही पूरे परिवार में मातम छा गया और चीख-पुकार मच गई। युवक अपने परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था, और उसके तीन बच्चे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उसका छोटा भाई, जो कानपुर नगर में सिपाही के पद पर तैनात है, भी अस्पताल पहुंच गया।
सूचना पाकर कायमगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।















