बुकारामांगा, 13 जुलाई।
कोलंबिया के बुकारामांगा में आयोजित 56वीं इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में भारतीय छात्रों ने अपना लोहा मनवाया है। इस वैश्विक प्रतियोगिता में भारत के पांच प्रतिभावान छात्रों ने स्वर्ण पदक हासिल करके देश का मान बढ़ाया है। यह आयोजन 4 से 12 जुलाई तक संपन्न हुआ।
पदक जीतने वाले छात्रों में पुणे के कनिष्क जैन, इंदौर के ऋद्धेश अनंत बेंद्रे, नई दिल्ली के रिशित गर्ग, मुंबई के श्रेष्ठ सुरैया और अहमदाबाद के स्वरित जोशी शामिल हैं। भारत ने कुल 87 देशों के 381 प्रतिभागियों के बीच रूस, चीन, कजाकिस्तान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है।
इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (HBCSE) द्वारा संचालित ओलंपियाड कार्यक्रम को जाता है, जो टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च का एक हिस्सा है। भारत की यह निरंतर सफलता देश की वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजेता छात्रों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह उपलब्धि देश की युवा शक्ति और विज्ञान के प्रति उनके जुनून का प्रतीक है। परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने भी छात्रों की इस बड़ी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।















