नई दिल्ली, 13 जुलाई।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के उर्ला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कारखाने में हुए विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
प्रकाशित जानकारी के अनुसार, 7 जून को उर्ला औद्योगिक क्षेत्र के एक कारखाने में कथित रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर फटने के कारण विस्फोट हुआ था। इस हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद संबंधित कारखाने को बंद कर दिया गया।
एनएचआरसी ने निर्देश दिया है कि रिपोर्ट में घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के साथ-साथ मृत श्रमिकों के परिजनों और घायलों को दिए गए मुआवजे का विवरण भी शामिल किया जाए, यदि किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया हो।















