Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

सरकार व नीतियाँ
13 Jul, 2026

टीटीएफ कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को राष्ट्रीय सम्मान

ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को आकर्षक पवेलियन के लिए ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

रायपुर, 13 जुलाई।

ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन के समापन पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को 21 राज्यों की भागीदारी के बीच उसके आकर्षक, सृजनात्मक और प्रभावशाली पवेलियन के लिए ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान से नवाजा गया।

यह सम्मान राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, प्राकृतिक पर्यटन, धार्मिक धरोहरों और आधुनिक पर्यटन दृष्टिकोण को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना गया है।

10 से 12 जुलाई तक कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में आयोजित इस प्रतिष्ठित पर्यटन व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का पवेलियन तीनों दिन पर्यटकों, पर्यटन विशेषज्ञों, टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पवेलियन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक एवं इको-टूरिज्म, पर्यटन रिसॉर्ट्स तथा राज्य के विभिन्न पर्यटन परिपथों को आधुनिक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिसकी व्यापक सराहना हुई।

आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों, पर्यटन विशेषज्ञों तथा निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी बैठकों में भाग लिया।

इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज विकसित करने, विपणन सहयोग, नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच और छत्तीसगढ़ में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ राज्य तथा अन्य राज्यों के करीब 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालकों, होम-स्टे संचालकों और पर्यटन उद्यमियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

आयोजन के उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष तथा थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सुश्री सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया। अतिथियों ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक विरासत और पर्यटन विकास की संभावनाओं की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ को उभरते हुए पर्यटन गंतव्य के रूप में रेखांकित किया।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि टीटीएफ जैसे राष्ट्रीय मंच राज्य की पर्यटन संभावनाओं को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर छत्तीसगढ़ की प्रभावी भागीदारी से राज्य में पर्यटन निवेश, पर्यटकों की संख्या और निजी क्षेत्र की सहभागिता में सकारात्मक बढ़ोतरी होगी।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि बोर्ड राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़