काठमांडू, 13 जुलाई।
नेपाल में भारी बरसात का दौर जारी है, जिसके चलते राजधानी काठमांडू सहित देश के 35 जिलों में बाढ़ का गंभीर संकट मंडरा रहा है। जल स्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
बाढ़ पूर्वानुमान विभाग ने चेतावनी दी है कि काठमांडू, भक्तपुर, ललितपुर और काभ्रेपलाञ्चोक जैसे इलाकों की नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ने का जोखिम काफी अधिक है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही पांचथर, इलाम, झापा, मोरंग, सप्तरी, सुनसरी, भोजपुर, संखुवासभा, दोलखा, रामेछाप, सिन्धुली, सिन्धुपाल्चोक, रसुवा, नुवाकोट, धादिङ, गोरखा, लमजुङ, तनहुँ, मकवानपुर, बारा, पर्सा, रौतहट, चितवन, नवलपरासी (पूर्व), नवलपरासी (पश्चिम), पाल्पा, कास्की, पर्वत, म्याग्दी, स्याङ्जा और कैलाली जिलों में भी नदी किनारे रहने वालों के लिए खतरा बना हुआ है।
इन तमाम जिलों में बहने वाली जलधाराओं में बाढ़ आने की मध्यम संभावना जताई गई है। संबंधित जिला प्रशासन और यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे नदी तटों के पास जाने से बचें और सतर्कता अपनाएं।















