मदुरै, 13 जुलाई।
मदुरै जिले के कोट्टामपट्टी के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक निजी ओमनी बस और सरकारी बस की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक महिला सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 41 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
चेन्नई से मार्थांडम जा रही निजी बस चालक के नियंत्रण खोने से अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर विपरीत दिशा में जाकर सरकारी बस से भिड़ गई। इसके बाद बस पास ही बने एक यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई, जिससे वह पूरी तरह ढह गया। दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाकर घायलों को मेलूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को मदुरै के राजाजी अस्पताल रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक को नींद आने की आशंका पर भी गौर किया जा रहा है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राजमार्ग पर यातायात घंटों तक बाधित रहा। नगर पुलिस उप महानिरीक्षक अभिनव कुमार और जिला पुलिस अधीक्षक देवनाथन ने मौके का जायजा लिया। जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उनके उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।















