काठमांडू, 13 जुलाई।
नेपाल सरकार ने भारत से सटे नवलपरासी जिले के सुस्ता क्षेत्र में अपनी सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त कर दिया है। गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद यहां तैनात सशस्त्र पुलिस बल की संख्या 25 से बढ़ाकर 40 कर दी गई है।
क्षेत्र में तनाव तब बढ़ा जब गृह मंत्रालय के आदेश के बाद छह जुलाई को नेपाली सेना की एक टीम वहां पहुंची। इस टीम का नेतृत्व ब्रिगेडियर जनरल यम बहादुर अधिकारी कर रहे थे। इसके बाद रविवार को सशस्त्र पुलिस बल के अतिरिक्त महानिरीक्षक अञ्जनी पोखरेल ने भी वहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
सुस्ता में इस समय तटबंध निर्माण का कार्य जारी है। करीब डेढ़ महीने पहले भारतीय सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) ने इस निर्माण कार्य को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया था, जिसके बाद से नेपाल ने वहां सुरक्षा बल बढ़ा दिए हैं।
नेपाली सेना के सादे लिबास में पहुंचने के कारण भारतीय पक्ष ने इस पर चिंता जताई है। भारत ने औपचारिक रूप से जानकारी मांगी कि सैन्य अधिकारियों का दल वहां क्यों गया था। जवाब में नेपाल ने स्पष्ट किया कि यह दौरा केवल मानसून और आपदा जोखिमों के आकलन के लिए था।
स्थानीय प्रशासन और सेना के प्रवक्ता सहायक रथी राजाराम बस्नेत ने भी इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना का यह दौरा पूरी तरह से आपदा प्रबंधन से जुड़ा था और इसका किसी भी सीमा विवाद से कोई लेना-देना नहीं है।















