भोपाल, 13 जुलाई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर निगम भोपाल की भौंरी आवासीय परियोजना में सोमवार को "प्रथम आओ-प्रथम पाओ" व्यवस्था के तहत 50 हितग्राहियों ने अपनी पसंद के आवासों का चयन किया।
नगर निगम के मुताबिक, ईडब्ल्यूएस (स्लम) श्रेणी के उन पात्र हितग्राहियों को आवास चुनने का अवसर दिया गया, जिन्होंने अपने हिस्से की संपूर्ण राशि जमा कर दी थी। इस प्रक्रिया के लिए 62 हितग्राहियों को बुलाया गया था। इनमें से 50 हितग्राही परियोजना स्थल पर पहुंचे और उपलब्ध फ्लैटों में से अपनी पसंद का आवास चुना।
आवास चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हितग्राहियों ने अपने-अपने फ्लैटों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश हितग्राहियों ने निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। लंबे समय बाद पक्के घर का सपना पूरा होने पर उनके चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संचालित विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में पात्र हितग्राहियों को पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "प्रथम आओ-प्रथम पाओ" व्यवस्था लागू की गई है।














