काठमांडू, 13 जुलाई।
नेपाल में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही वर्षा के चलते आई बाढ़ और भूस्खलन ने यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया है। इसके कारण देश के आठ प्रमुख राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं।
मेची राजमार्ग के इलाम नगरपालिका क्षेत्र में रास्ता बंद होने से झापा और ताप्लेजुङ के बीच आवाजाही पूरी तरह थम गई है। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजने की व्यवस्था की है। वहीं, संभावित खतरे के मद्देनजर काठमांडू-जनकपुर को जोड़ने वाली बीपी राजमार्ग को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है।
मकवानपुर जिले के भर्याङडाँडा में भारी भूस्खलन के कारण कान्ति लोकपथ मार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इस वजह से राजधानी काठमांडू आने-जाने वाले सैकड़ों वाहन रास्ते में ही फंस गए हैं। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अरनिको राजमार्ग, पोखरा–ताङतिङ मार्ग, घोराही–रुकुम शहीद राजमार्ग, सालझण्डी–ढोरपाटन और मदन भण्डारी राजमार्ग पर भी बाढ़ और भूस्खलन ने आवागमन रोक दिया है। हालात इतने गंभीर हैं कि प्रमुख सड़कें अभी भी बंद हैं।
भोजपुर और पाल्पा जिले में मध्यपहाड़ी और सिद्धार्थ राजमार्ग पर केवल एकतरफा यातायात ही चल पा रहा है। नेपाल पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले रास्तों की स्थिति की जानकारी जरूर लें और पूरी सावधानी बरतें।















