जम्मू, 14 जुलाई।
भाजपा प्रवक्ता अभिजीत जस्रोटिया ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश की जनता से झूठ बोल रहे हैं।
जस्रोटिया ने याद दिलाया कि पहले उमर अब्दुल्ला ने दावा किया था कि वह केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन बाद में उन्होंने खुद चुनाव लड़ा। इसके अलावा रोजगार देने के वादों को पूरा करने में भी सरकार विफल रही है।
प्रवक्ता ने कहा कि पहले वे बिजली के मीटर उखाड़ने की वकालत करते थे, लेकिन अब उन्हीं मीटरों को लगवाने की अपील कर रहे हैं। उनके कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
अभिजीत जस्रोटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अब भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने इसे जनता को भ्रमित करने का प्रयास बताया और कहा कि मुख्यमंत्री को झूठ बोलने की जैसे बीमारी हो गई है।














