चेन्नई, 14 जुलाई।
वियतनाम में हुए नौका हादसे में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के दो लोगों के पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह चेन्नई हवाई अड्डे लाए गए। इस दौरान वेल्लोर से तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के विधायक विनोद कन्नन ने तिरुवन्नामलाई निवासी रविशंकर और वेल्लोर निवासी विनय कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
जानकारी के अनुसार, एक मोबाइल कंपनी ने अपने वितरकों के लिए वियतनाम में पर्यटन और व्यावसायिक यात्रा का आयोजन किया था। इसी दौरान प्रतिभागियों को नौका के जरिए एक द्वीप पर ले जाया जा रहा था, तभी नौका पलट गई। इस हादसे में 15 भारतीयों की जान चली गई, जिनमें तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के तीन और केरल के दो नागरिक शामिल हैं।
दुर्घटना के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पार्थिव शरीरों को भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी लाई। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने भी अपने राज्य के नागरिकों के पार्थिव शरीर शीघ्र स्वदेश लाने के लिए विशेष प्रयास किए। इसी सिलसिले में सेलम रेंज के डीआईजी संतोष हडिमणि को शनिवार रात वियतनाम भेजा गया, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
सोमवार रात सभी 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से मुंबई हवाई अड्डे लाए गए। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संबंधित राज्यों के अधिकारियों को पार्थिव शरीर सौंप दिए गए। इसके बाद तमिलनाडु के 10 मृतकों के पार्थिव शरीर चेन्नई और कोयंबटूर भेजे गए।
पहले चरण में रविशंकर और विनय कुमार के पार्थिव शरीर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान से मंगलवार सुबह चेन्नई पहुंचे। पुराने चेन्नई हवाई अड्डे के कार्गो परिसर स्थित इंडिगो टर्मिनल पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों और जिला प्रशासन को सौंप दिए गए।
विनय कुमार के परिवार के सदस्य उनका पार्थिव शरीर लेने हवाई अड्डे पहुंचे थे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष वाहन से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, रविशंकर के परिजन चेन्नई हवाई अड्डे नहीं पहुंच सके, इसलिए जिला प्रशासन ने उनका पार्थिव शरीर अपने संरक्षण में लेकर सरकारी वाहन से तिरुवन्नामलाई भेजने की व्यवस्था की।
इस अवसर पर विधायक विनोद कन्नन ने दोनों दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अधिकारियों के मुताबिक, चेन्नई जिले के अगरम निवासी संतोष कुमार और तिरुवल्लूर जिले के गुम्मिडीपोंडी निवासी बाबू के पार्थिव शरीर भी मंगलवार को मुंबई से चेन्नई लाए जाएंगे। वहीं, अन्य छह मृतकों के पार्थिव शरीर कोयंबटूर हवाई अड्डे के माध्यम से उनके गृह जिलों तक पहुंचाए जाएंगे।
विनय कुमार के ससुर जय प्रभाकरन ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनके दामाद वियतनाम में कंपनी के वितरकों की बैठक में भाग लेने गए थे। बैठक जिस द्वीप पर आयोजित थी, वहां जाते समय हुई नौका दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उन्होंने तमिलनाडु सरकार, भारतीय दूतावास, केंद्र सरकार, टीवीके विधायक विनोद कन्नन, डीआईजी संतोष हडिमणि और वियतनाम में भारत की उप-राजदूत प्रियंका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों ने लगातार परिवार के संपर्क में रहकर हर चरण की जानकारी दी और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया।
जय प्रभाकरन ने बताया कि वेल्लोर में निर्धारित बिजली कटौती के कारण पार्थिव शरीर को घर पहुंचाने के बाद फ्रीजर बॉक्स में सुरक्षित रखने को लेकर चिंता थी। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक विनोद कन्नन ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर जनरेटर के माध्यम से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई, ताकि अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारियों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।














