नई दिल्ली, 14 जुलाई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार सौश्रुतम् 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। आयुष मंत्रालय की देखरेख में हो रहे इस भव्य आयोजन की शुरुआत के पूर्व मंगलवार को कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
यह वैश्विक आयोजन शल्य चिकित्सा के जनक आचार्य सुश्रुत की जयंती के उपलक्ष्य में हो रहा है। इसमें भारत सहित थाईलैंड, इजराइल, ऑस्ट्रिया, यूके, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और ग्रीस के चिकित्सा विशेषज्ञ आयुर्वेद और आधुनिक शल्य चिकित्सा के आपसी मेल पर मंथन करेंगे।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं में एनसीआईएसएम द्वारा तैयार आयुर्वेद महिला स्नातकों के करियर पर एक राष्ट्रीय अध्ययन का विमोचन शामिल है। साथ ही, संस्थान में 14.5 करोड़ की लागत से तैयार अत्याधुनिक एमआरआई प्रणाली का लोकार्पण भी होगा, जो एआई-तकनीक और उन्नत इमेजिंग सुविधाओं से लैस है।
सेमिनार में मलाशय रोग, एकीकृत ऑन्कोलॉजी, घाव प्रबंधन और क्षारसूत्र जैसे विषयों पर सत्र होंगे। उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।















