कोलकाता, 14 जुलाई।
दक्षिणेश्वर स्थित निवेदिता ब्रिज के नीचे लंबे समय से चल रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने देर रात बड़ा कदम उठाया है। सोमवार रात शुरू हुआ यह ध्वस्तीकरण अभियान मंगलवार सुबह तक चलता रहा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी और दक्षिणेश्वर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर यहां अवैध रूप से बनी दुकानों और गुमटियों पर बुलडोजर चला दिया।
इस बड़े पैमाने पर चले अभियान के दौरान कुल 196 अवैध दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। पीडब्ल्यूडी रोड के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे यह पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दुकानदारों ने अपनी आजीविका बचाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन प्रशासन का रुख सख्त रहा। प्रभावित व्यापारियों ने अब सरकार के सामने पुनर्वास की मांग रखी है और उनसे वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार, पुल और सड़क के नीचे सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा होने से यातायात व्यवस्था चरमरा रही थी। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सरकारी जमीन को खाली कराना और सड़कों पर जाम की समस्या से मुक्ति दिलाना है। फिलहाल यह इलाका अतिक्रमण मुक्त हो गया है, लेकिन स्थानीय व्यापारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।















