नई दिल्ली, 14 जुलाई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज बिहार और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में वर्षा का यह दौर कल तक जारी रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में आज मध्यम से लेकर तेज वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, झारखंड, सिक्किम, कर्नाटक, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी की आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश में आज लू जैसी स्थिति बनी रहने का भी पूर्वानुमान है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में आज सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई।















