नई दिल्ली, 14 जुलाई।
कांग्रेस ने अमेरिकी एफबीआई निदेशक काश पटेल द्वारा पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी का स्वागत करने और पाकिस्तान की सार्वजनिक रूप से सराहना किए जाने पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी का कहना है कि यह घटनाक्रम भारत के हितों के दृष्टिकोण से गंभीर चिंता का विषय है और सरकार को इस पर अपना स्पष्ट पक्ष रखना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि जून में इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता अब लगभग समाप्ति की स्थिति में पहुंच गया है। वहीं दूसरी ओर अमेरिका और पाकिस्तान के संबंध लगातार मजबूत होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति, विदेश मंत्री और सेंट्रल कमांड प्रमुख के बाद अब एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी पाकिस्तान की प्रशंसा की है।
जयराम रमेश ने कहा कि पश्चिम एशिया और वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान की बढ़ती प्रभावशीलता भारत के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि क्या सरकार इस बदलते घटनाक्रम से अनभिज्ञ है या फिर उसकी विदेश नीति की दिशा और प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोमवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी से एफबीआई मुख्यालय में मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के योगदान की सराहना की। बैठक में आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक, साइबर जांच को और प्रभावी बनाने तथा घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।















